जलपाईगुड़ी, 07 फरवरी (हि. स.)। ‘आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान’ परियोजना के अंतर्गत एक साथ कई विकास कार्यों का शिलान्यास राजगंज के विधायक खगेश्वर राय ने किया। शनिवार को राजगंज ब्लॉक की चार ग्राम पंचायत शिकारपुर, पानीकौड़ी, मझियाली और सुखानी में अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से इन कार्यों की शुरुआत की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन चारों क्षेत्रों में लगभग नौ करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकासात्मक कार्य किए जाएंगे। आवेदनकर्ताओं के प्रस्तावों के आधार पर सड़क निर्माण व मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, ड्रेनेज व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट की स्थापना सहित कई जनकल्याणकारी कार्यों का नारियल फोड़कर प्रतीकात्मक रूप से शिलान्यास किया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राजगंज पंचायत समिति की अध्यक्ष रूपाली दे सरकार, बीडीओ सौरव कांति मंडल, संबंधित ग्राम पंचायतों की प्रधान प्रभा कुजूर, पापिया सरकार, परिमल राय, सुमित दत्त सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
