कठुआ, 07 फरवरी (हि.स.)। सामाजिक कल्याण विभाग कठुआ द्वारा शनिवार को बसोहली स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत वितरण-सह-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने की।

इस अवसर पर छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कक्षा आठवीं की छात्रा निहारिका ने बालिका शिक्षा और संरक्षण पर कविता पाठ किया, वहीं पारंपरिक डोगरी नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।

उपायुक्त ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा ही आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बेटियों की नींव है। उन्होंने छात्राओं को बड़े सपने देखने, लक्ष्य पर केंद्रित रहने और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं की मांगों और आकांक्षाओं को ध्यानपूर्वक सुना और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को स्कूल बैग, कॉपियां, टिफिन बॉक्स और पानी की बोतलें वितरित की गईं। अंत में जलपान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
