चित्तौड़गढ़, 07 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के मध्य में स्थित एक मात्र खेल मैदान की सूरत बदलने जा रही है। हिंदुस्तान जिंक के सहयोग से लंबे समय से अधूरे पड़े इस स्टेडियम का विकास होगा। इसे लेकर शनिवार को चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर एक एमओयू भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी की मौजूदगी में जिला प्रशासन एवं जिंक प्रशासन के बीच हुआ है। इस दौरान सांसद सीपी जोशी ने कहा कि हिन्दुस्तान जिंक के सीएसआर मद से शहर के हृदयस्थल गोरा बादल स्टेडियम को अब स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स के रूप में विकासित करने से शहरवासियों, विशेष कर खिलडियों को अपनी प्रतिभा निखारने का सुनहरा अवसर मिल सकेगा।

सांसद सीपी जोशी ने हिन्दुस्तान जिंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज का दिन चित्तौडगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक पल है। जब कई पूर्व प्रधानमंत्री की सभाओं और खेल प्रतिभाओं का प्रांगण रहा गोरा बादल स्टेडियम नए स्वरूप में विकसित हो कर स्पोट्स काॅम्प्लेक्स का स्वरूप लेने जा रहा है। यहां खिलाडी और आम नागरिक माॅर्निग वाॅक के लिए जाते है। पिछले कई वर्षो से इस स्टेडियम का उपयोग नहीं हो पा रहा था। लेकिन इस एमओयू के बाद एक बार फिर से गोरा बादल स्टेडियम जीवंत हो कर लोगो के आकर्षण का केंद्र होगा। इस दौरान विधायक चंद्रभानसिंह आंक्या ने हिन्दुस्तान जिंक की गोरा बादल स्टेडियम के सर्वागिंण विकास की पहल की प्रशंसा कर धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस पहल पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने मिल कर इस ऐतिहासिक स्थल के विकास को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। इसके पूर्ण होने पर युवाओं एवं खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और शहरवासियों को स्वस्थ रहने का सुनहरा अवसर फिर से प्राप्त होगा।जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड एवं नगर परिषद के बीच एमओयू के अवसर पर सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के अलावा जिला प्रभारी सचिव सरवन कुमार, जिला कलक्टर आलोक रंजन, हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड के सीईओ अरूण मिश्रा, वेदांता समूह की सीएसआर हेड अनुपम निधि एवं चंदेरिया स्मेल्टिंग काॅम्प्लेक्स के लोकेशन हेड आलोक रंजन उपस्थित थे।

इस पहल पर, सीईओ और पूर्णकालिक निदेशक हिन्दुस्तान जिंक अरुण मिश्रा ने कहा कि “खेल में चरित्र निर्माण, मजबूत बनाने और समुदायों को एकजुट करने की ताकत है। चंदेरिया स्मेल्टिंग काॅम्प्लेक्स के लोकेशन हेड आलोक रंजन ने प्रजेन्टेशन के माध्यम से गोरा बादल स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में किए जाने विकास की जानकारी दी। रंजन ने कहा कि इसका उद्धेश्य जमीनी स्तर पर खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना और प्रदेश में युवाओं की भागीदारी और प्रतिभा विकास के लिए संरचित अवसर प्रदान करना है।
यह होंगे कार्य
स्टेडियम के विकास में फुटबॉल मैदान, जॉगिंग और वॉकिंग ट्रैक का निर्माण शामिल है, जो आवश्यक सुविधाओं से युक्त होगा। इनमें युवा और युवतियों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम, स्वच्छता सुविधाएं, पार्किंग और सुरक्षा प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी, हाई मास्ट लाइटिंग, सौर-आधारित विद्युतीकरण, वर्षा जल संचयन संरचनाएं, संपर्क सड़क विकास, और चारदीवारी और प्रवेश-निकास का जिर्णोद्धार शामिल है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल
