– प्रथम महापौर राजीव पाटील के हाथों हुआ मंदिर का लोकार्पण

मुंबई, 7 फरवरी, (हि. स.)। मां विंध्यवासिनी मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में नालासोपारा पूर्व के सेंट्रल पार्क स्थित जाई को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी व तुलिप गार्डन परिसर में नवनिर्मित मां विंध्यवासिनी मंदिर के मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह का पूर्णाहुति और महाभंडारा के साथ समापन हुआ। मंदिर का लोकार्पण वसई-विरार शहर मनपा के प्रथम महापौर राजीव पाटील के हाथों हुआ। सोमवार, 2 फरवरी से शुक्रवार, 6 फरवरी तक चले इस पांच दिवसीय समारोह में आचार्य सुधाकर शुक्ल, उप-आचार्य अशोक द्विवेदी, कर्म आचार्य गौरव द्विवेदी, माता भगवती उपासक अमित मिश्र और सहयोगी ब्राह्मण श्याम शंकर दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से प्रतिष्ठा संपन्न कराई। मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तहत वेदी निर्माण, देव आह्वान, देवाधिवास, देव पूजन, चंडी पाठ, मंत्र जप, नगर परिक्रमा, स्नपन, न्यास आदि धार्मिक अनुष्ठान हुए। शुक्रवार को पूर्णाहुति के बाद शाम 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक चले महाभंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर भजन संध्या का भी आयोजन किया गया था, जिसमें गायक-कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर लोगों को भावविभोर किया।प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाजपा के नवनिर्वाचित नगरसेवक निलेश चौधरी, जेपी सिंह, पंकज देशमुख, योगेश सिंह सहित राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शिरकत की। आयोजन को सफल बनाने में जाई, तुलिप गार्डन और वैशाली पार्क सोसायटी के पदाधिकारियों, सदस्यों और रहिवासियों ने अपना योगदान दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार
