नैनीताल, 7 फरवरी (हि.स.)। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने 18 सूत्रीय मांगों के समर्थन में द्वितीय चरण के तहत शनिवार को जनपद मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी नैनीताल को सौंपा।

परिषद के जिलाध्यक्ष असलम अली ने बताया कि यह धरना प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत आयोजित किया गया। मुख्य संरक्षक बहादुर सिंह बिष्ट ने सरकार पर कर्मचारी विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। वरिष्ठ सेवानिवृत्त कर्मचारी नेता गिरीश जोशी ने लोक निर्माण विभाग के वर्क चार्ज कर्मचारियों की पेंशन और वेतन रोकने के आदेश को वापस लेने की मांग की।

प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष गिरजेश कांडपाल ने कर्मचारियों से संगठित संघर्ष का आह्वान किया। धरने की अध्यक्षता मंडलीय अध्यक्ष केएस सामंत ने की, जबकि संचालन महामंत्री उमेश सनवाल ने किया। धरने में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
