

सारण, 07 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में कार्यरत पंचायत सचिवों के लिए आज का दिन बड़ी राहत लेकर आया। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में वर्ष 2022 में नियुक्त 96 पंचायत सचिवों की सेवा संपुष्ट करने का निर्णय लिया गया है। वर्ष 2022 में सारण जिले में कुल 108 नवनियुक्त पंचायत सचिवों ने अपना योगदान दिया था। सेवा संपुष्टि के नियमों के तहत कंप्यूटर दक्षता परीक्षा और हिंदी टिप्पण परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य था। 96 कर्मियों ने दोनों अनिवार्य परीक्षाएं उत्तीर्ण कर लीं, जिसके आधार पर इनकी सेवा संपुष्ट कर दी गई। शेष कर्मी कंप्यूटर दक्षता या हिंदी टिप्पण परीक्षा उत्तीर्ण न करने के कारण फिलहाल इनकी सेवा संपुष्ट नहीं की गई है। इन कर्मियों द्वारा परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत सचिवों के आर्थिक हितों का ध्यान रखते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पंचायत सचिवों के ससमय वेतन भुगतान के लिए आवंटन की अधियाचना समय पर जिला पंचायत राज कार्यालय को भेजी जाए, जिला पंचायत राज पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे प्रखंडों से प्राप्त मांग के आधार पर तत्काल आवंटन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।इस बैठक में जिलाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
