राजगढ़,7 फरवरी (हि.स.)। छापीहेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम खजूरी गोकुल स्थित बालाजी मंदिर से अज्ञात बदमाश भगवान का चांदी का मुकुट व गले में पहनी राम नाम की माला चोरी कर ले गए, जिसकी कीमत 80 हजार रुपए बताई गई है। वहीं राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम उदपुरिया स्थित श्रीराम मंदिर से अज्ञात बदमाश चांदी के तीन मुकुट चोरी कर ले गए, जिसकी कीमत 60 हजार रुपए है। माचलपुर थाना क्षेत्र के गायत्री मंदिर से दो हजार रुपए नकद व माइक मशीन और बोड़ा थाना क्षेत्र में स्थित मंदिर से भगवान देवनारायण के सिर पर लगा छतर चोरी कर ले गए। पुलिस ने शनिवार को चोरी की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।

छापीहेड़ा थाना पुलिस के अनुसार ग्राम खजूरी गोकुल निवासी शिवम पुत्र बद्रीनारायण ब्यास ने शिकायत की, बीती रात अज्ञात बदमाश बालाजी मंदिर का दरवाजा खोलकर भगवान का चांदी का मुकुट और गले में पहनी राम नाम की माला चोरी कर ले गए, जिसकी कुल कीमत 80 हजार रुपए है। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की। राजगढ़ कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार ग्राम उदपुरिया निवासी मंदिर पुजारी राजकुमार पुत्र करणसिंह चैहान ने बताया कि बीती रात अज्ञात बदमाश श्रीराम मंदिर से भगवान के 600 ग्राम वजनी चांदी के तीन मुकुट चोरी कर ले गए, जिसकी कुल कीमत 60 हजार रुपए है। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की। बोड़ा थाना पुलिस के अनुसार ग्राम रनावा निवासी 42 वर्षीय राधेश्याम पुत्र कन्हैयालाल ने शिकायत की, बीती रात अज्ञात बदमाश भगवान देवनारायण के सिर पर लगा छतर चोरी कर ले गए, जिसकी कीमत 20 हजार रुपए है। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। माचलपुर थाना पुलिस के अनुसार ग्राम पीपल्याकुलमी निवासी 73 वर्षीय वंशीलाल पुत्र रघुनाथ पाटीदार ने शिकायत की, बीती रात अज्ञात बदमाश गायत्री मंदिर से दानपेटी का ताला तोड़कर दो हजार रुपए नकद व माइक मशीन चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
