भोपाल, 07 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक बैंककर्मी ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। शनिवार सुबह उनका शव उसकी बुआ के घर के पिछले हिस्से में पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू कर दी है।


जानकारी अनुसार मृतक की पहचान 28 वर्षीय हिमांशु रायकवार पुत्र सुनील कुमार रायकवार के रूप में हुई है। वे रेजीमेंट रोड, टीला जमालपुरा क्षेत्र में रह रहे थे और मूल रूप से इटारसी के निवासी थे। मृतक के परिजनों के अनुसार, हिमांशु पिछले करीब पांच वर्षों से भोपाल में अपनी बुआ के साथ रह रहे थे। शनिवार सुबह परिजनों ने घर के पिछले हिस्से में मूंगे के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका देखा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच के लिए उनका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है, जिसकी तकनीकी जांच की जा रही है।
बैंक में आउटसोर्स कर्मचारी थे
हिमांशु एक सरकारी बैंक में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में प्यून का कार्य कर रहे थे। परिजनों ने आत्महत्या के पीछे किसी स्पष्ट कारण की जानकारी नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
