पश्चिम मेदिनीपुर, 07 फरवरी (हि. स.)। जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के तीन नंबर नरमा इलाके के बारिकबाड़ गांव में अवैध संबंध के संदेह में एक युवक की हत्या किए जाने का आरोप सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात सोते समय धारदार हथियार से हमला कर युवक की जान ली गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक की पहचान कार्तिक शासमल (38) के रूप में हुई है। आरोप है कि गुरुवार देर रात पड़ोसी अभय हेम्ब्रम धारदार हथियार लेकर कार्तिक के घर में घुसा और सोते समय उस पर कई वार किए। पुलिस का दावा है कि कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोप है कि कार्तिक की पत्नी के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और नारायणगढ़ थाने को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर खड़गपुर अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपित अभय हेम्ब्रम को गिरफ्तार कर लिया है और उसे खड़गपुर अनुमंडल अदालत में पेश किया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का आरोप है कि आरोपित को अपनी पत्नी और मृतक के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था, इसी शक के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और आरोपित से पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
