प्रयागराज, 07 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मऊआइमा थाना क्षेत्र में नहर की पटरी पर शुक्रवार को मिले महिला के शव की पहचान शनिवार को हो गई। पुलिस ने इस मामले में मृतका के मायके वालों की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह जानकारी सहायक पुलिस आयुक्त फूलपुर विवेक यादव ने दी।

उन्होंने बताया कि महिला की पहचान प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में स्थित फरहदा गांव निवासी मुस्कान (23) पत्नी के रूप में की गई। इस सम्बंध में मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया कि मुस्कान को ससुराल के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे और अब उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से ससुराल वालों ने रानीगंज थाने में तहरीर दिया था कि वह ससुराल से गहने चोरी कर भाग निकली है।

उल्लेखनीय है कि मऊआइमा थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ गांव स्थित नहर की पटरी पर एक महिला का शव शुक्रवार की सुबह पाया गया था। एसीपी फूलपुर ने बताया कि दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही अन्य विभिन्न पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
