लखनऊ, 07 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी विभिन्न वर्गों के साथ संवाद करते हुए केन्द्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा कर रही है। भाजपा युवा, किसान, महिला, श्रमिक, प्रबुद्ध, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, व्यापारी, उद्यमी, चिकित्सक, प्रोफेशनल, साहित्यकार, खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता सहित विभिन्न वर्गों के बीच संवाद करते हुए विकसित भारत के संकल्प के साथ प्रस्तुत केन्द्रीय बजट 2026-27 से जन-जन को जोड़ रही है। प्रदेश महामंत्री, एमएलसी एवं अभियान के प्रभारी सुभाष यदुवंश ने बताया कि रविवार 08 फरवरी को केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल अयोध्या में महिला संवाद कार्यक्रम तथा प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी कानपुर में व्यापारियों के बीच संवाद कार्यक्रम में केन्द्रीय बजट पर चर्चा करेंगे। श्री यदुवंश ने बताया कि शनिवार 07 फरवरी को केन्द्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने मेरठ में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संवाद, बीएल वर्मा ने गोरखपुर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, वीरेंद्र खटीक ने आगरा में श्रमिक संवाद, प्रदेश सरकार के मंत्री केपी मलिक ने अमरोहा में व्यापारी संवाद तथा भाजयुमों के राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रमुख कपिल परमार ने मथुरा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित किया।

सुभाष यदुवंश ने बताया कि रविवार 8 फरवरी को प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह मैनपुरी में महिला संवाद तथा पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकान्त महेश्वरी अलीगढ़ में व्यापारी संवाद कार्यक्रम में केन्द्रीय बजट पर चर्चा करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
