हमीरपुर, 07 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सोनी धर्मशाला के पास पुरानी रंजिश और छेड़खानी के विरोध में एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। युवक को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। शनिवार को पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि कस्बा निवासी नारायण सोनी का पुत्र कन्हैया सोनी (21) जब सोनी धर्मशाला के पास मौजूद था। तभी शेखर यादव ने अपने पिता और बाबा के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपितों ने चाकू से वार करते हुए पीड़ित कन्हैया को लहूलुहान कर दिया।

अस्पताल में उपचार के दौरान पीड़ित कन्हैया ने बताया कि आरोपित शेखर यादव पिछले काफी समय से उसकी बहन के साथ छेड़खानी करता था। इसकी पिछले वर्ष भी शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई थी। इसी कारण आरोपितों ने मुझ पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने कन्हैया की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। इस मामले में दबिश देकर आरोपित शेखर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
