कानपुर, 07 फरवरी (हि.स.)। पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को दम्पति के बीच हुए विवाद के बाद पति ने बच्चों को अलग कमरे में बंद कर पत्नी को जमकर पीटा फिर उसे जबरन डाई पिला दी। घटना के बाद वह मौके से भाग निकला। किसी तरह कमरे से बाहर निकलकर बच्चों ने पड़ोसियों को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पनकी के गंगागंज इलाके में रहने वाला धनीराम प्राइवेट नौकरी करता है। परिवार में पत्नी रितु और बेटी नैना व बेटे नयन, ऋषभ हैं। बच्चों ने बताया कि पापा अक्सर शराब पीकर नशे में घर आकर मम्मी से लड़ाई झगड़ा और मारपीट करते थे। आज दोपहर भी पापा शराब के नशे में आए और मम्मी के साथ मारपीट करने लगे। जब हमने विरोध किया तो उन्होंने हमें दूसरे कमरे में बंद कर दिया और फिर मम्मी को जबरन डाई पिला कर मौके से भाग निकले।
मम्मी की चीख पुकार सुनकर किसी तरह हम कमरे के बाहर निकलकर पड़ोसियों को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह भदोरिया ने बताया कि दम्पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद पति ने महिला को डाई पिलाकर मौके से फरार हो गया। महिला को निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। तहरीर आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
