बिजनौर,7 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में नजीबाबाद क्षेत्र में शनिवार की दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

नजीबाबाद क्षेत्राधिकारी नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि आज दोपहर करीब 2 बजे कंटेनर संख्या यूपी 21 सीएन 0924 मुरादाबाद से उत्तराखंड के बहादराबाद की ओर जा रहा था। जैसे ही कंटेनर मालन नदी पुल के पास पहुंचा, तभी उसने आगे चल रही बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में नजीबाबाद से गाँव लौट रहे ग्राम अलीपुरा निवासी जॉनी (23), सौरभ (24) और अवनीश (23) घायल हो गए। स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही थाना नजीबाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक जॉनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सौरभ और अवनीश की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
सीओ ने बताया कि थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं कंटेनर को प कब्जे में लेकर मौके से फरार चालक की तलाश की जा रही है। घटना को लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।———
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
