– स्वर्गीय मनीष चंद स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन

खटीमा, 07 फरवरी (हि.स.)। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले में शनिवार को आयोजित स्वर्गीय मनीष चंद स्मृति द्वितीय ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट—2026 का समापन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समारोह में भाग लिया और विजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित करते हुए कहा कि राज्य अब खेल भूमि के रूप में उभर रहा है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से चलाए गए खेलो इंडिया और फिट इंडिया कार्यक्रमों के तहत खेलों का व्यापक विकास हुआ है,जिससे उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने अब तक 103 पदक जीते हैं और राज्य अब खेल भूमि के रूप में उभर रहा है।
टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही थीं। फाइनल मुकाबला नगला तराई, खटीमा और उजालिकोट, टनकपुर के बीच खेला गया। पहले खेलते हुए नगला तराई ने 108 रन बनाए, जबकि उजालिकोट ने यह लक्ष्य 3 विकेट से प्राप्त कर जीत हासिल की। मुख्यमंत्री धामी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और क्रिकेट में हाथ आजमाया।
समारोह में मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय मनीष चंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व का प्रशिक्षण देता है। उन्होंने खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ खेलने और सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, स्वर्गीय मनीष चंद की माता हरिकेश चंद, सांसद प्रतिनिधि रवींद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित अन्य अधिकारी, समिति सदस्य और बड़ी संख्या में जनता मौजूद रहे।
——————-
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
