मुरादाबाद, 07 फ़रवरी (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना पाकबड़ा क्षेत्र के नया मुरादाबाद सेक्टर 5 स्थित निजी अस्पताल में आज प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। जिसके बाद गुस्साए परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने किसी तरह समझा बुझा कर हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया और शनिवार शाम को पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी अस्पताल पहुंच कर जानकारी जुटाई है।

थाना मैनाठेर क्षेत्र के गांव नरोदा निवासी नन्हें चालक है। उसने अपनी गर्भवती पत्नी रीना (22) को प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार रात्रि नया मुरादाबाद के सेक्टर पांच स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शुक्रवार देर रात्रि रीना ने एक बच्ची को जन्म दिया। परिजनों के अनुसार रात करीब 2 बजे रीना की तबियत अचानक बिगड़ने लगी। इसकी जानकारी डॉक्टरों को दी लेकिन वह लोग सब ठीक हो जाएगा कहकर इलाज सही से नहीं किए। जिसके बाद परिजन रीना को लेकर दूसरे अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने यह कहकर देखने से मना कर दिया कि इसकी मौत हो गई है। जिसके बाद परिजन शव लेकर दोबारा निजी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया हंगामा शुरू कर दिए। हंगामा देख डॉक्टर और अस्पताल के स्टाफ क लोग वहां से हट गए। सूचना पाकर पाकबड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंच कर किसी तरह समझाबुझा कर शांत कराया। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया।
थाना पाकबड़ा प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। शनिवार रात्रि में मामले में स्वास्थ्य विभाग से डॉ. विकास कुमार ने निजी अस्पताल पहुंच कर जांच पड़ताल की। कुछ देर जानकारी जुटाने के बाद वह लौट गए।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
