मुरादाबाद, 07 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में भूमि बेचने के नाम पर सिविल लाइंस क्षेत्र निवासी महिला से प्रॉपर्टी डीलर ने 15 लाख रुपये हड़प लिए। रकम वापस मांगने पर आरोपित ने धमकी देनी शुरू कर दी। पीड़िता ने उप महानिरीक्षक मुनिराज जी से मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई। डीआईजी के आदेश पर थाना सिविल लाइंस पुलिस ने शनिवार को नामजद आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया है।

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के नयागांव मऊ निवासी भूरी ने बीते दिनों डीआईजी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उन्होंने मूंढापांडे क्षेत्र के आवंला घाट में स्थित अपनी साढ़े 22 बीघा कृषि भूमि बेच दी थी, क्योंकि वह घर से बहुत दूर थी।

पीड़ित महिला के अनुसार जमीन बेचने के बाद उन्होंने कहीं और जमीन खरीदने के लिए सिविल लाइंस के काजीपुरा निवासी मोहम्मद कामिल से संपर्क किया, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है।
भूरी के अनुसार उसे और उसके बेटे फते खान को कामिलक ने बताया कि ठाकुरद्वारा के आदमपुर में उसकी 16 बीघा जमीन है, जिसे वह तीन लाख रुपये प्रति बीघा की दर से बेचने का सौदा कर लिया। इसके बाद 18 दिसंबर 2023 को छह लाख रुपये एडवांस के तौर पर ले लिया। बाद में 21 दिसंबर को दो बार में 9 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। इस तरह वह कुल 15 लाख रुपये ले लिया। बाद में बैनामा के लिए कहने पर टालमटोल करने लगा। पीड़िता के अनुसार परेशान होकर 15 सितंबर 2025 को उन्होंने कामिल से कहा कि यदि बैनामा नहीं करा रहे हो तो मेरे पैसे वापस कर दो। आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर मोहम्मद कामिल भड़क गया और पीड़िता और उसके तीनों बेटों को जान से मारने की धमकी देने लगा। थाने पर शिकायत करने पर सुनवाई न होने पर पीड़िता ने डीआईजी से गुहार लगाई। जहां से एफआईआर के आदेश हुए।
इस संबंध में थाना सिविल लाइंस एसएचओ मनीष सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर शनिवार को आरोपित मोहम्मद कामिल के खिलाफ धोखाधड़ी कर रकम हड़पने और धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।———–
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
