रांची, 07 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित झारखंड (रांची-जमशेदपुर) दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। इसी कड़ी में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

उपायुक्त ने राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन व्यवस्था, सड़क और भवन से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रपति का दौरा जिला प्रशासन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और गौरव का विषय है, इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ समय पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उपायुक्त भजंत्री ने निर्देश दिया कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए।
वैकल्पिक मार्ग पहले से चिन्हित हों, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह तैयार रहें। अग्निशमन और आपदा प्रबंधन की व्यवस्था हर हाल में चाक-चौबंद रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), सदर अनुमंडल पदाधिकारी, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक, सिविल सर्जन, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सहित भवन निर्माण, पथ निर्माण, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन और अन्य संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि 26 फरवरी को राष्ट्रपति पूर्वी सिंहभूम में श्रीजगन्नाथ आध्यात्मिक एवं संस्कृत चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट के नए केंद्र के भूमि पूजन में शामिल होंगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
