देवघर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि नगरपालिका चुनाव-2026 को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उपायुक्त शनिवार को समाहरणालय सभागार में मीडिया से बात करते हुए कहा कि जिले में आदर्श आचार संहिता का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा। चुनाव को लेकर सभी अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन व्यय की अधिसीमा भी निर्धारित कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि देवघर नगर निगम में मेयर पद के लिए 15 लाख रुपये और वार्ड पार्षद पद के लिए 3 लाख रुपये, जबकि मधुपुर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 6 लाख रुपये और वार्ड पार्षद पद के लिए 1.5 लाख रुपये की व्यय सीमा तय की गई है।
उन्होंने बताया कि देवघर नगर निगम में 36 वार्ड, 172 मतदान केंद्र और मधुपुर नगर परिषद में 23 वार्ड और 46 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। देवघर नगर निगम में कुल 1,79,278 और मधुपुर नगर परिषद में 44,258 मतदाता हैं।
उपायुक्त ने बताया कि मतदान 23 फरवरी 2026 को और मतगणना 27 फरवरी 2026 को होगी। मतदान मतपत्र से कराया जाएगा, इसके लिए सभी जरूरी मतपेटियां तैयार कर ली गई हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
