रायबरेली, 07 फरवरी(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पोस्टर वार से राजनीतिक गर्मी तेज़ है। शनिवार को मामला उस समय और बिगड़ गया जब पोस्टर में राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की फ़ोटो पर कालिख़ पोत दी गई। हालांकि पुलिस ने पोस्टर को हटवा कर जांच शुरू कर दी है।

उल्लेखनीय है कि विगत दिनों रायबरेली शहर भर में कुछ पोस्टर और होर्डिंग्स लगाई गई थी। जिनमें राहुल गांधी को नकली गांधी बताते हुए पूछा गया था कि गद्दार कौन। इनमें राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह की भी फ़ोटो लगी थी। पोस्टर लगाए जाने के बाद शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज़ हो गई थी और बयानबाजी का दौर चल रहा था। शनिवार काे इन पोस्टर और होर्डिंग्स के कारण उस वक्त माहौल और गरमा गया जब अराजक तत्वों ने बैनरों और पोस्टरों पर कालिख पोत दी। बैनरों में मंत्री के चेहरे पर कालिख लगाकर उन्हें गद्दार लिख दिया।
आरोप है कि रात के समय कुछ लोगों ने मंत्री के बैनरों पर कालिख पोत दी और उनके चेहरे के पास गद्दार लिख दिया। सुबह जब लोगों ने यह देखा तो मामला तुरंत सुर्खियों में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टरों को हटा दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पोस्टरों पर कालिख किसने पोती और इसके पीछे किसका हाथ है। पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है और पोस्टरों को हटवा दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे
