देवघर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्र सरकार के नीति आयोग के निर्देश को लेकर आकांक्षी प्रखंडों में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति करने की दिशा में संपूर्णता अभियान 2.0 की शुरुआत

शनिवार को विकास भवन स्थित सभागार में हुई।

इस अवसर पर अभियान का उद्घाटन उप विकास आयुक्त (डीडीसी) पीयूष सिन्हा ने किया। तीन माह तक चलने वाले यह मिशन-मोड अभियान, देवघर जिले के आकांक्षी प्रखंडों देवीपुर, सारवां, सारठ और करों में विकास के अंतर को पाटने और प्रमुख सार्वजनिक सेवाओं की शत प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन 14 अप्रैल तक नीति आयोग की ओर से निर्धारित सभी छह प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (परफॉर्मेंस इंडीकेटर्स) को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत आईसीडीएस के अंतर्गत 06 माह से 06 वर्ष तक के सभी बच्चों को पूरक पोषण, आंगनबाड़ी केंद्रों पर डिजिटल ग्रोथ मॉनिटरिंग, सभी केंद्र और स्कूलों में क्रियाशील शौचालय और स्वच्छ पेयजल, पशुओं में एफएमडी टीकाकरण को प्राथमिकता दी गई है।
अभियान की निगरानी के लिए नीति आयोग की टीम भौतिक सत्यापन करेगी।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन, जिला योजना पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, एबीएफ सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
