झाड़ग्राम, 08 फ़रवरी (हि. स.)। झाड़ग्राम जिले में इन दिनों एक रहस्यमय ‘दरवाज़ा तोड़ गिरोह’ को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है। झाड़ग्राम ब्लॉक के लोधाशुली, मानिकपाड़ा और गुप्तमणि इलाकों में रात होते ही एक चारपहिया वाहन से छह–सात लोगों का यह गिरोह गांवों में घुसकर घरों के दरवाज़ों पर लात मार रहा है और कई मामलों में दरवाज़ा तोड़कर बिना चोरी-डकैती किए फरार हो जा रहा है।

शनिवार देर रात लोधाशुली ग्राम पंचायत के दहटमूल गांव में ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए इस गिरोह के आठ सदस्यों को हथियारों (हंसुआ, लाठी) से भरी गाड़ी सहित पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने उनकी पिटाई की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
गांव-गांव में यह सवाल बना हुआ है कि गिरोह न तो चोरी करता है, न लूट, बल्कि केवल दरवाज़ों पर लात मारकर या उन्हें तोड़कर भाग जाता है। इस अजीब गतिविधि को लेकर इलाके में तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं, जिससे ग्रामीणों की चिंता काफी बढ़ गई है। कई गांवों में लोग लाठी-डंडों के साथ रात भर पहरा दे रहे हैं।
दहटमूल गांव के एक निवासी ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से यह उत्पात शुरू हुआ है। एक रात गिरोह ने बम भी फोड़ा, जिससे डर के मारे लोग घरों से बाहर नहीं निकले। शुक्रवार रात दो घरों के दरवाज़े तोड़े गए। शनिवार रात करीब 11.30 बजे एक गाड़ी गांव में घूमती दिखी और एक घर के दरवाज़े पर लात मारकर भागने की कोशिश की। ग्रामीणों ने आसपास के गांवों को फोन कर सूचना दी और मुख्य सड़क की ओर जाते समय कई गांवों के लोगों ने गाड़ी को घेर लिया।
एक अन्य निवासी दिलेश्वर महतो ने कहा कि गिरोह बमबाजी कर रहा है और घरों के दरवाज़े तोड़ रहा है, समझ में नहीं आ रहा कि यह सब क्यों हो रहा है। भय के माहौल में रातें कट रही हैं।
लोधाशुली ग्राम पंचायत के उपप्रधान वृद्धेश्वर महतो ने बताया कि कुछ दिन पहले सरडिहा और शुकनाखाली इलाकों में भी गिरोह के पहुंचने की खबर मिली थी। उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की और कहा कि पंचायत की ओर से माइकिंग कर ग्रामीणों को सतर्क किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
