जयपुर, 08 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान में लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण दिन के समय सर्दी का असर लगभग खत्म हो गया है। शनिवार को हनुमानगढ़ और सिरोही को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा और तापमान में इसी तरह स्थिरता बनी रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेशभर में आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। लगातार दूसरे दिन बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बाड़मेर के अलावा पाली, जालोर और जोधपुर में भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा।
जयपुर में शनिवार को तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पिलानी में 28.9, अजमेर में 28.3, जैसलमेर में 29.2, चित्तौड़गढ़ में 29.6, बीकानेर में 29.2, नागौर में 29, डूंगरपुर में 29.4, दौसा में 28.7, चूरू में 28.6 और भीलवाड़ा में 28.4 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।
दिन का तापमान बढ़ने और तेज धूप के कारण लोगों को अब हल्की गर्मी महसूस होने लगी है। परिणामस्वरूप दिन के समय लोग गर्म कपड़ों की बजाय सामान्य कपड़ों में नजर आ रहे हैं। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड का असर अभी भी बना हुआ है। अलवर में शनिवार सुबह सरसों की फसल पर ओस जमने की सूचना मिली।
चिकित्सकों के अनुसार, दिन में बढ़ती गर्मी और सुबह-शाम ठंड के कारण मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इन दिनों ओपीडी में सर्दी, जुकाम और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि तापमान में उतार-चढ़ाव और वातावरण में हल्की नमी वायरल संक्रमण के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाती हैं।
अधिकतम तापमान के साथ-साथ अब न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार को फतेहपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया। करौली में 6.5, दौसा में 6.8, अलवर में 7, पाली में 7.5, वनस्थली (टोंक) में 7.4, सीकर में 6.3, पिलानी में 9.3 और चूरू में 9.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
वहीं जयपुर, बाड़मेर, उदयपुर, कोटा, चित्तौड़गढ़, अजमेर, भीलवाड़ा, गंगानगर, बीकानेर, जोधपुर, बारां और प्रतापगढ़ सहित 15 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
