नूंह, 08 फ़रवरी (हि.स.)। नूंह जिले के झारपूरी गांव में साइबर ठगी के एक बड़े मामलें में पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए छत से छलांग लगा दी । इस हादसे में आरोपी के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि साइबर ठगी के तहत दर्ज मुकदमे में आरोपी परवेज अहमद निवासी झारपूरी को शनिवार की शाम गिरफ्तार करने के लिए टीम पहुंची। जैसे ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, वह छत से कूद गया। इस दौरान उसके दोनों पैरों में चोट लगी और फ्रैक्चर हो गया। आरोपी को नलहड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। जांच में सामने आया है कि आरोपी परवेज अहमद ने मुकदमे में पहले से गिरफ्तार आरोपी हुसैन से फर्जी बैंक खाता प्राप्त किया था।
साइबर ठगी के जरिए ठगे गए पैसे इसी फर्जी खाते में ट्रांसफर करवाए जाते थे। इसके बदले आरोपी को मोटा कमीशन मिलता था, जिसके बाद वह रुपए नकद में प्रदान करता था । यह तरीका मनी लॉन्ड्रिंग और साइबर फ्रॉड के पैसे को सफेद करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। यह मामला पिछले साल दिसंबर में दर्ज किया गया था, जब पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में झारपूरी गांव के ही रहने वाले फखरुद्दीन को गिरफ्तार किया था। उस समय से पुलिस लगातार इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और कई गिरफ्तारियां कर चुकी है। वर्तमान में जांच तेजी से चल रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया
