सिलीगुड़ी, 08 फरवरी (हि. स.)। नक्सलबाड़ी ग्रामीण इलाकों के विकास को गति देने के उद्देश्य से सिलीगुड़ी महकमा परिषद लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में रविवार नक्सलबाड़ी के तीन गांवों में नई सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।

सिलीगुड़ी महकमा परिषद के सभाधिपति अरुण घोष ने नक्सलबाड़ी के कोटिया जोत, खालबस्ती और नेहाल जोत गांवों में कुल तीन किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इन सड़कों के निर्माण पर 80 लाख रुपये की लागत आएगी और अगले तीन महीनों के भीतर काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सड़क निर्माण कार्य शुरू होते ही स्थानीय ग्रामीणों में खुशी की लहर देखी गई। लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को अब आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
इस अवसर पर सभाधिपति ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से गांव-गांव में विकास कार्य किए जा रहे हैं। महकमा परिषद पूरे क्षेत्र में समान रूप से विकास पर ध्यान दे रही है और आज तीन नई सड़कों का काम शुरू हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
