प्रतापगढ़, 08 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने रविवार को केंद्र सरकार के पेश बजट 2026-2027 को ऐतिहासिक बताया। उन्हाेंने पत्रकार काे संबाेधित करते हुए कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साकार करने वाला है। सरकार ने “Reform Over Rhetoric” (नारेबाजी से ऊपर सुधार) के मंत्र को अपनाकर देश की आर्थिक नींव को और मजबूत किया है।

विधायक ने बजट के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि राजकोषीय घाटे को जीडीपी के 4.3 प्रतिशत पर लक्षित करना एक साहसी और अनुशासित कदम है। इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये और रक्षा क्षेत्र के लिए 7.8 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान यह दर्शाता है कि देश की सुरक्षा और तरक्की के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। टियर-2 और टियर-3 शहरों में युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे।
सदर विधायक ने बताया कि एमएसएमई सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ रुपये का फंड सहित कैंसर की 36 जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क में छूट, शिक्षा के क्षेत्र में हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल और 15,000 स्कूलों में आधुनिक वीएफएक्स व एनीमेशन लैब, खेती में ‘भारत-विस्तार एआई’ प्लेटफॉर्म से किसानों को मौसम और बाजार की सटीक जानकारी मिलेगी।
विधायक मौर्य ने स्थानीय उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रतापगढ़ का आंवला अब विदेशों में निर्यात हो रहा है, जो स्थानीय किसानों की बड़ी जीत है। उन्होंने घोषणा की कि जनपद में भी बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा।
बजट पेश कर नवीं बार बनाया कीर्तिमान
भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नवीं बार बजट पेश कर रिकॉर्ड बनाया है। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की 7 फीसदी की विकास दर हमारी मजबूत अर्थव्यवस्था का प्रमाण है। इस अवसर पर जिला महामंत्री पवन गौतम एवं जिला सह मीडिया प्रभारी देवेश त्रिपाठी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी
