

जौनपुर, 08 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव में रविवार को जमीनी विवाद में लाठी-डंडों और हॉकी से जमकर मारपीट हो गई। इस हिंसक झड़प में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव और एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ,क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह,पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और स्थिति को सामान्य कराया।
दबंगों के हमले में सावन कुमार मौर्य (25), किरण देवी (45), नीरज मौर्य, धीरज मौर्य सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं। पीड़ितों का आरोप है कि बगल के गांव के कुछ दबंग आए दिन मारपीट करते हैं और पहले भी दो-तीन बार हमला कर चुके हैं। एक पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि लाइन बाजार थाना पुलिस द्वारा समय पर कार्रवाई न किए जाने से दबंगों के हौसले बढ़े हैं। इस मामले में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि मारपीट की घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। परिजनों की ओर से मुलेंद्र बिंद, शैलेंद्र बिंद, धर्मेंद्र बिंद और राजन बिंद के खिलाफ तहरीर मिली है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
