नई दिल्ली, 08 फ़रवरी (हि.स.)। पश्चिमी जिला पुलिस ने हादसे के बाद मौके से फरार हुए मजदूर/गार्ड योगेश को एटा उप्र से गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस की एक टीम आरोपित को लेकर दिल्ली रवाना हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, योगेश हादसे के समय मौके पर मौजूद था और घटना के बाद वह वहां से भाग गया था।

पश्चिमी जिले के पुलिस उपायुक्त दाराडे शरद भास्कर ने रविवार काे बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपित ने दावा किया है कि उसने हादसे की जानकारी ठेकेदार को फोन पर दे दी थी। इसके बाद वह सो गया था। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के तुरंत बाद योगेश एटा फरार हो गया था और शुरुआत से ही उसकी लोकेशन एटा में ट्रेस हो रही थी। आरोपित की लोकेशन मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम शनिवार देर शाम एटा के लिए रवाना हुई। तड़के पुलिस ने दबिश देकर योगेश को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपित को दिल्ली लाकर औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा, जिसके बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। वहीं दूसरी ओर, इस मामले में पहले से गिरफ्तार किए गए राजेश प्रजापति को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं मजिस्ट्रेट ने आगे की जांच के लिए आरोपित राजेश प्रजापति को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों और इसमें लापरवाही की भूमिका को लेकर जांच जारी है। पूछताछ के बाद मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
