राजगढ़, 08 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में माचलपुर थाना पुलिस ने शनिवार की रात ग्राम आदमपुरा के जंगल स्थित खेत में बनी खंती से ड्रमों मेें रखा एमडी ड्रग्स निर्माण में उपयोग किया जाने वाला केमिकल जब्त किया है, जिसकी कीमत पांच करोड़ रुपये बताई गई है।

एसआई गुड्डू कुशवाह ने रविवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर शनिवार की रात आदमपुरा के जंगल स्थित खेत में बनी खंती में 5 नीले रंग के ड्रम मिले, जिसमें प्लास्टिक की पन्नियों में भरा हुआ सफेद रंग का क्रिस्टल जैसा केमिकल पावडर पाया गया, जिसमें तीव्र एवं कसैली गंध आ रही थी। प्रारंभिक परीक्षण एवं अनुभव के आधार पर उक्त पदार्थ एमडी ड्रग्स (मादक पदार्थ) निर्माण में प्रयुक्त कैमिकल होना पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे पर ड्रमों सहित कुल वजन 266.9 किलोग्राम है,जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 05 करोड़ रुपये है। कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई साथ ही वरामद किए गए माल को सुरक्षित रूप से मालखाने में जमा कराया गया है। पुलिस ने प्रकरण में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धारा 30 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
