विजयपुर (कर्नाटक), 08 फ़रवरी (हि.स.)। कर्नाटक के विजयपुर जिले के बबलश्वर तालुका अंतर्गत मंगलूरु गांव में रविवार को एक निजी जेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा उस समय हुआ, जब विमान आपात स्थिति में खेत में उतरने का प्रयास कर रहा था। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलबुर्गी से बेलगावी जा रहा सेसना 172 टैंगो चार्ली मॉडल का ‘रेड बर्ड’ निजी विमान उड़ान के दौरान ईंधन समाप्त हो जाने के कारण संतुलन खो बैठा। पायलट ने स्थिति को संभालने के लिए खेत में आपात लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन विमान अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है, हालांकि विमान में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बबलश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू की। विमान दुर्घटना के कारणों, ईंधन आपूर्ति और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। संबंधित विमानन अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा
