हरिद्वार, 08 फ़रवरी (हि.स.)। लोक माता अहिल्याबाई होल्कर महामंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेलूराम प्रधान ने यूपी के वाराणसी स्थित मणिकर्णिका घाट में देवी अहिल्याबाई होल्कर की मूर्तियों को तोड़े जाने के मामले में अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्यवाही किए जाने तथा वीडियो सत्य होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने राष्ट्रपति को पत्र भी भेजा है।

प्रेस क्लब सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए तेलूराम प्रधान ने कहाकि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वाराणसी स्थित मणिकर्णिका घाट का पुनः निर्माण शासन, प्रशासन द्वारा कराया जा रहा है। पुनः निर्माण के दौरान महारानी अहिल्याबाई होल्कर की उन मूर्तियों व मन्दिर को तोड़ दिया गया, जिनका निर्माण, जीर्णोद्धार स्वयं देवी अहिल्याबाई होल्कर ने कराया था।

कहा कि वर्तमान में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देवी अहिल्याबाई होल्कर की मूर्तियों को टूटा हुआ दिखाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वायरल वीडियो को एआई निर्मित बताया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि वायरल वीडियो वास्तव में एआई द्वारा बनाया गया है, तो एआई का दुरुपयोग करने, वीडियो वायरल करने, देश का माहौल खराब करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए। यदि वीडियो वास्तविक है, तो मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी वाहिए तथा नैतिक उत्तरदायित्व लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाएँ पुनः न हों, इसके लिए कठोर और प्रभावी कदम उठाए जाने की भी मांग की।
इस अवसर पर स्वामी सुशांत पुरी, शिवचरण पाल, रामेश्वर प्रसाद, डा. सतीश चंद बघेल, भूषण लाल, जितेन्द्र पाल, सुमित पाल आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
