बक्सर, 08 फ़रवरी (हि.स.)।

जिले के कोरान सराय मध्य विद्यालय परिसर में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में हिंदू सम्मेलन का आयोजन हुआ। इसकी अध्यक्षता हृदयानंद पांडेय ने तथा संचालन विभाग कार्यवाहक विमल कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के गीत और हिंदू धर्म के जयघोष से हुई। भजन-कीर्तन के माध्यम से पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सनातन संस्कृति और धर्म को कमजोर करने के लिए लगातार विभाजनकारी प्रयास किए जा रहे हैं। जाति-पात के नाम पर हिंदू समाज को बांटने की साजिशों से सतर्क रहने की आवश्यकता बताई गई। साथ ही विभिन्न माध्यमों से हो रहे धर्मांतरण के प्रयासों पर भी चिंता व्यक्त की गई।
मुख्य वक्ता प्रो. नंदजी दुबे ने कहा कि स्वयंसेवकों का दायित्व है कि वे राष्ट्र निर्माण के साथ समाज में समता और सद्भाव का संदेश पहुंचाएं। साथ ही समाज से आह्वान किया कि जातिगत भेदभाव को त्यागकर मंदिरों, मठों और सांस्कृतिक धरोहरों की रक्षा के लिए एकजुट हों। गांव-गांव जाकर हिंदू चेतना को जागृत करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर बल दिया गया। कमजोर वर्गों को प्रलोभन देकर संस्कृति से दूर करने के प्रयासों से सावधान रहने की अपील की गई।सम्मेलन में कई सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा
