नवादा,08 फ़रवरी (हि.स.)।नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर ओवरलोडिंग एवं बिना वैध चालान के ट्रकों के विरुद्ध रविवार को सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान करीब डेढ़ दर्जन ट्रकों को जब्त कर जांच चौकी पर लगाया गया, जबकि दो ट्रक चालकों को हिरासत में लिया गया है।

कार्रवाई का नेतृत्व रजौली एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन और जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय ने किया। अभियान में रजौली थाना पुलिस बल भी पूरी मुस्तैदी से तैनात रही। प्रशासन की इस सख्ती से ट्रक संचालकों में हड़कंप मच गया। जांच की सूचना मिलते ही कई ट्रक चालक अपने वाहनों को दिबौर और झारखंड के काली मंडा इलाके में खड़ा कर कार्रवाई खत्म होने का इंतजार करते देखे गए।

प्रशासन का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के परिचालन से सड़क सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न होता है और इससे सड़कें भी तेजी से क्षतिग्रस्त होती हैं। इसलिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।
वहीं कुछ ट्रक मालिकों ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। कोडरमा निवासी बलराम कुमार और सुनील मेहता ने आरोप लगाया कि उनके वाहन अंडरलोड और वैध कागजातों के साथ थे, फिर भी जबरन जब्त कर लिए गए।
इस संबंध में जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि नियमों के उल्लंघन में ही वाहनों को जब्त किया गया है। सभी कागजातों की विधिवत जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। गलत करने वाले के खिलाफ जुर्माना तथा प्राथमिक भी दर्ज कराई जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन
