
जयपुर, 08 फ़रवरी (हि.स.)। सीडॉस, लघु उद्योग भारती और रीको के संयुक्त तत्वावधान में जेईसीसी सीतापुरा में आयोजित चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी इंडिया स्टोन मार्ट–2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। इस समापन समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि रहे। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इस समारोह के दौरान राज्यपाल सहित अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और देश-विदेश से आए प्रदर्शकों की नवीन तकनीक,मशीनरी और स्टोन उत्पादों की सराहना की। इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में 36 श्रेष्ठ स्टॉल, हस्तशिल्प कलाकारों व संस्थानों को सम्मानित किया गया।
श्रेष्ठ ओवर ऑल डिस्प्ले का पुरस्कार सुजुकी इंडिया को मिला। इनडोर स्टोन डिस्प्ले, स्टोन आर्ट, मशीनरी, आउटडोर और विदेशी प्रदर्शक श्रेणियों में भी कई कंपनियों व कलाकारों को सम्मान प्रदान किया गया।
राज्यपाल बागड़े ने कहा कि इंडिया स्टोन मार्ट जैसे आयोजन राजस्थान की स्टोन इंडस्ट्री को वैश्विक पहचान दिलाते हैं और रोजगार व निर्यात को नई दिशा देते हैं। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने इसे प्रदेश की औद्योगिक छवि को मजबूत करने वाला आयोजन बताया। राज्य मंत्री विश्नोई ने कहा कि सरकार स्टोन उद्योग के विकास के लिए लगातार नीति समर्थन दे रही है। इस समापन अवसर पर आयोजकों ने जानकारी दी कि अगला इंडिया स्टोन मार्ट वर्ष 2028 में आयोजित किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
