
पूर्णिया, 08 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर रविवार को पूर्णिया जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गुंडा परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न थानों में दर्ज आपराधिक मामलों में संलिप्त अपराधियों और असामाजिक तत्वों को थाना परिसर में उपस्थित कराया गया और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा की गई।

गुंडा परेड का आयोजन चम्पानगर, रुपौली, जलालगढ़ सहित जिले के कई थाना क्षेत्रों में किया गया। इस दौरान थानाध्यक्षों ने अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने का निर्देश दिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि गुंडा परेड का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। पुलिस ने यह भी संकेत दिया कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह
