गुवाहाटी, 08 फरवरी (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने त्यौहारों की भीड़ के लिए होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू कर यात्री सुविधाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता एक बार फिर दोहराई है। पिछले साल उल्लेखनीय रूप से 1144 सेवाओं के परिचालन के बाद, भारतीय रेलवे इस साल 1500 स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की योजना बनाई है, जिससे प्रमुख रूटों पर यात्रा सुलभ और ज़्यादा आरामदायक होगी। यह सक्रिय योजना त्यौहारों के दौरान मांग को पूरा करने और लाखों यात्रियों को विश्वसनीय यात्रा का विकल्प देने के लिए भारतीय रेलवे के समर्पण को दिखाती है।

इस पहल के तहत और होली त्यौहार के मौसम में यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए, प्रारंभिक तौर पर पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की योजना बनाई है तथा आने वाले दिनों में और अतिरिक्त ट्रेनों की घोषणा की जाएगी। ये स्पेशल ट्रेनें नारंगी– गोरखपुर जंक्शन– नारंगी, कटिहार– अमृतसर– कटिहार, डिब्रूगढ़– जयनगर– डिब्रूगढ़, न्यू जलपाईगुड़ी– मुजफ्फरपुर– न्यू जलपाईगुड़ी और किशनगंज– लालकुआं– किशनगंज के बीच चलेंगी। प्रत्येक ट्रेन दोनों दिशाओं में छह फेरों के लिए चलेगी, जिससे त्यौहारों के मौसम में यात्रियों के लिए यात्रा सुलभ होगी।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि स्पेशल ट्रेन संख्या 05633 (नारंगी– गोरखपुर) 19 फरवरी से 26 मार्च तक हर गुरुवार को चलेगी। ट्रेन नारंगी से 13:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन गोरखपुर 13:00 बजे पहुंचेगी। इसी तरह, स्पेशल ट्रेन गोरखपुर– नारंगी, 20 फरवरी से 27 मार्च तक हर शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन गोरखपुर से 16:55 बजे रवाना होगी और अगले दिन नारंगी 21:40 बजे पहुंचेगी।
कटिहार– अमृतसर 18 फरवरी से 25 मार्च तक हर बुधवार को चलेगी। यह ट्रेन कटिहार से 21:00 बजे रवाना होगी और शुक्रवार को अमृतसर 09:45 बजे पहुंचेगी। इसी तरह, अमृतसर– कटिहार 20 फरवरी से 27 मार्च तक हर शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन अमृतसर से 13:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन कटिहार 23:45 बजे पहुंचेगी।
डिब्रूगढ़– जयनगर 17 फरवरी से 24 मार्च तक हर मंगलवार को चलेगी। यह ट्रेन डिब्रूगढ़ से 05:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन जयनगर 13:00 बजे पहुंचेगी। इसी तरह, जयनगर– डिब्रूगढ़ 18 फरवरी से 25 मार्च तक हर बुधवार को चलेगी। यह ट्रेन जयनगर से 16:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन डिब्रूगढ़ 23:30 बजे पहुंचेगी।
न्यू जलपाईगुड़ी– मुजफ्फरपुर, 21 फरवरी से 28 मार्च तक हर शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी से 05:00 बजे रवाना होगी और उसी दिन मुजफ्फरपुर 18:00 बजे पहुंचेगी। इसी तरह, मुजफ्फरपुर– न्यू जलपाईगुड़ी 21 फरवरी से 28 मार्च तक हर शनिवार को चलेगी, जो मुजफ्फरपुर से 22:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन न्यू जलपाईगुड़ी 10:30 बजे पहुंचेगी।
किशनगंज– लालकुआं, 19 फरवरी से 26 मार्च तक हर गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन किशनगंज से 08:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन लालकुआं 15:40 बजे पहुंचेगी। इसी तरह, लालकुआं– किशनगंज, 20 फरवरी से 27 मार्च तक हर शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन लालकुआं से 20:40 बजे प्रस्थान करेगी और रविवार को किशनगंज 02:00 बजे पहुंचेगी।
इन ट्रेन सेवाओं का उद्देश्य मुख्य स्थानों को जोड़ना और नियमित ट्रेनों में भीड़ कम करना है, ताकि यात्री अपने परिजनों के साथ रंगों का त्यौहार सुरक्षित, सुविधाजनक और समय पर मना सकें।————–
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
