गुवाहाटी, 08 फरवरी (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई पर पाकिस्तान से कथित संबंधों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा का दावा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां एक शत्रु देश तक पहुंचने की आशंका सामने आई है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

भाजपा ने कहा कि यह मामला उस समय और गंभीर हो गया जब मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट सार्वजनिक की। पार्टी के अनुसार, एसआईटी के निष्कर्ष सामने आने के बाद राज्य के विभिन्न वर्गों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
अटल बिहारी वाजपेयी भवन से जारी बयान में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने कहा कि गौरव गोगोई से जुड़ी कथित गतिविधियां देशहित के विरुद्ध हैं और इससे जनविश्वास को गहरी चोट पहुंची है। बयान में गौरव गोगोई की पाकिस्तान यात्राओं, परिवार की नागरिकता से जुड़े निर्णयों और कुछ व्यक्तिगत व पेशेवर संबंधों पर भी सवाल उठाते हुए सार्वजनिक स्पष्टीकरण की मांग की गई।
भाजपा ने गौरव गोगोई की पत्नी के पाकिस्तान स्थित एक गैर-सरकारी संगठन में रोजगार, पारिश्रमिक और पाकिस्तान के नागरिक अली तौकीर शेख की भारत यात्राओं की परिस्थितियों को लेकर भी पारदर्शिता की मांग की। साथ ही, संसद में रक्षा से जुड़े सवाल उठाने की पृष्ठभूमि को स्पष्ट करने की अपील की गई।
इस मुद्दे को लेकर असम भाजपा ने रविवार दोपहर 2 बजे से राज्य के 39 संगठनात्मक जिलों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए। डिब्रूगढ़ में हुए प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने कहा कि आरोपों की अत्यंत गंभीरता से जांच होनी चाहिए और इसमें भारत सरकार की प्रत्यक्ष भागीदारी आवश्यक है।
भाजपा ने कुछ विपक्षी नेताओं की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की गंभीर बातों पर प्रतिक्रिया न देना संदेह को और गहरा करता है। असम प्रदेश भाजपा ने दोहराया कि गौरव गोगोई को असम की जनता और देश के सामने सभी आरोपों पर स्पष्ट और विस्तृत जवाब देना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
