–बजरंग दल की बैठक में धर्मांतरण व नशा मुक्ति पर मंथन

लखनऊ, 08 फरवरी (हि.स.)। बख्शी का तालाब स्थित एसआर ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स परिसर में आयोजित बजरंग दल की दो दिवसीय अखिल भारतीय बैठक रविवार को सम्पन्न हुई। बैठक के अंतिम दिन विभिन्न सत्रों में देशभर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ गहन विचार-विमर्श किया गया।
कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापति ने कहा कि देश में लव जिहाद, मतांतरण और युवतियों की गुमशुदगी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, जो राष्ट्र और समाज के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक और तथाकथित विधर्मी तत्व योजनाबद्ध तरीके से हिन्दू बेटियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनकी तस्करी कर रहे हैं, जिस पर समाज को सजग होने की आवश्यकता है।
बजरंग दल के राष्ट्रीय सह-संयोजक विवेक कुलकर्णी ने कहा कि आने वाला समय चुनौतीपूर्ण है और यदि समय रहते इन राष्ट्रविरोधी गतिविधियों का संगठित रूप से प्रतिकार नहीं किया गया तो यह शक्तियां विकराल रूप धारण कर सकती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे देशभर में सक्रिय देशविरोधी तत्वों के विरुद्ध मजबूती से खड़े हों।
बैठक के दौरान विभिन्न सत्रों में ग्रुप-वाइज चर्चा भी की गई, जिसमें बजरंग दल के कार्य विस्तार को लेकर रणनीति तय की गई। सभी प्रखंडों में संगठन को मजबूत करने, निचले स्तर तक पहुंचने और जनजागरण बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने सभी राष्ट्रप्रेमी नागरिकों, संतों, सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों से अपील की कि वे इन विषयों पर जनजागरण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर बैठक में पंच परिवर्तन विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, परिवार प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य और स्वदेशी विचारों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में बजरंग दल के राष्ट्रीय सह-संयोजक विवेक कुलकर्णी, विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र,प्रांत संगठन मंत्री विजय प्रताप, प्रांत मंत्री देवेंद्र,एस आर ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स के वाइस चेयरमैन पियुष सिंह चौहान, जिला संगठन मंत्री समरेंद्र, बजरंग दल के जिला संयोजक यादवेंद्र, शुभम सिंह, विभाग संयोजक विजय बजरंगी सहित बजरंग दल लखनऊ विभाग एवं जिले के अनेक प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
