मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव समेत तमाम नामनीच हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

चित्रकूट, 08 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद की सीमा से लगे मध्य प्रदेश के सतना जिले स्थित धारकुंडी आश्रम के संस्थापक, महान संत पूज्य स्वामी परमहंस सच्चिदानंद जी महाराज के ब्रह्मलीन होने से आध्यात्मिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। 102 वर्ष की आयु में मुंबई में उपचार के दौरान उन्होंने देह त्याग दी। उनके निधन से देश-विदेश में फैले लाखों श्रद्धालु और अनुयायी शोकाकुल हैं। रविवार को धारकुंडी आश्रम में महाराज का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए लाया गया, जहां मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव समेत तमाम नामचीन हस्तियों ने महाराज जी को श्रद्धा सुमन अर्पित किये।
स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज ने अपना संपूर्ण जीवन धर्म, तपस्या, सेवा और मानव कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। वे न केवल एक महान संत थे, बल्कि सनातन परंपराओं के सच्चे संवाहक भी माने जाते थे। उनके मार्गदर्शन में लाखों लोगों ने आध्यात्मिक जीवन की राह अपनाई और आत्मिक शांति की अनुभूति की। पूज्य महाराज जी ने 22 नवंबर 1956 को अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन स्वामी परमानंद जी के आशीर्वाद से घने जंगलों के बीच धारकुंडी आश्रम की स्थापना की थी। उस समय यह क्षेत्र निर्जन था, लेकिन वर्षों की कठोर साधना और तप के बल पर यह स्थान आज एक विशाल आध्यात्मिक केंद्र के रूप में प्रतिष्ठित है।वर्तमान में धारकुंडी आश्रम साधना, सेवा, यज्ञ, प्रवचन और सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
चित्रकूट से मिला आध्यात्मिक मार्गदर्शन
चार माह पूर्व जब वे चित्रकूट पहुंचे थे, तब उनके दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज का गुरुद्वार चित्रकूट स्थित सती अनसूया आश्रम रहा है। यहीं से उन्होंने आत्मिक चेतना और सनातन धर्म के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया।
आश्रम से जुड़े लोगों के अनुसार स्वामी जी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका उपचार मुंबई के एक अस्पताल में किया जा रहा था, वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। ब्रह्मलीन होने के पश्चात उनके पार्थिव शरीर को मुंबई के बदलापुर स्थित आश्रम ले जाया गया, जहाँ श्रद्धालुओं को अंतिम दर्शन कराए जा रहे हैं।
आश्रम प्रबंधन के अनुसार, अंतिम दर्शन के बाद स्वामी जी के पार्थिव शरीर को एयर एंबुलेंस के माध्यम से धारकुंडी आश्रम लाया गया, जहां मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, सतना सांसद गणेश सिंह, बांदा-चित्रकूट के पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे आदि हजारों श्रद्धालु उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।
आश्रम प्रबंधन ने बताया कि सोमवार को धारकुंडी आश्रम परिसर में स्थित समाधि स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान पूर्वक स्वामी जी को समाधि दी जाएगी। जिसमें देशभर से संत-महात्मा, शिष्य, अनुयायी और हजारों श्रद्धालु शामिल होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि 1 जनवरी 2025 को अपने 101वें जन्मदिन के अवसर पर स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज ने बदलापुर आश्रम से वर्चुअल माध्यम से भक्तों को दर्शन दिए थे। उस दौरान देश-विदेश में बसे अनुयायियों ने भावविभोर होकर उनके दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया था। पूज्य स्वामी परमहंस सच्चिदानंद जी महाराज भले ही आज भौतिक रूप से हमारे बीच न हों, लेकिन उनकी शिक्षाएं, साधना, सेवा भाव और आध्यात्मिक संदेश आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। धारकुंडी आश्रम और उनके द्वारा स्थापित सनातन परंपराएं उनके अमूल्य योगदान की सजीव पहचान बनी रहेंगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल
