नई दिल्ली, 08 फ़रवरी (हि.स.)। कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू के दो सक्रिय शार्प शूटरों को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सौरभ लाकड़ा (23) और योगेश शर्मा (33) के रूप में हुई है।

दोनों हरियाणा के झज्जर जिले के थाना बादली में दर्ज एक हत्या के मामले में वांछित थे।
आरोपित योगेश पर झज्जर पुलिस की ओर से इनाम घोषित था, जबकि सौरभ दिल्ली में हत्या और हत्या के प्रयास के दो मामलों में पहले से भगोड़ा घोषित अपराधी था।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त आलाप पटेल ने रविवार को बताया कि यह कार्रवाई स्पेशल सेल साउदर्न रेंज की टीम के इंस्पेक्टर पवन कुमार और इंस्पेक्टर सुमित कादियान के नेतृत्व में की गई। पुलिस उपायुक्त के अनुसार पुलिस को जनवरी के अंतिम सप्ताह में सूचना मिली थी कि नंदू गैंग के दोनों शूटर महाराष्ट्र में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर एसआई नवदीप, हेड कांस्टेबल प्रवीण, मोनू यादव, दीपक और जितेंद्र की टीम 27 जनवरी 2026 को महाराष्ट्र रवाना हुई। टीम ने कोल्हापुर और आसपास के इलाकों में 100 से अधिक होटल और गेस्ट हाउस खंगाले। कड़ी मशक्कत के बाद उंचगांव रोड स्थित श्री टेंबलाई मंदिर के पास से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपित 17 जुलाई 2025 को हरियाणा के झज्जर में हुए संदीप उर्फ बबलू हत्याकांड में शामिल थे। घटना के दिन संदीप अपने दोस्त के साथ कार से जा रहा था, तभी बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी थी। यह हत्या गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू के इशारे पर अंजाम दी गई थी।
वहीं जांच में सामने आया है कि आरोपित योगेश शर्मा के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में कई मामलों में गैर-जमानती वारंट जारी थे। वहीं सौरभ लाकड़ा दो जघन्य मामलों में पहले से घोषित अपराधी था। दोनों आरोपित हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत 10 से अधिक संगीन मामलों में शामिल रहे हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने खुलासा किया कि उन्होंने प्रतिद्वंद्वी गैंग से जान का खतरा होने के चलते मध्य प्रदेश से एक-एक सिंगल शॉट पिस्टल खरीदी थी। दोनों हथियार दिल्ली में एक सुरक्षित ठिकाने पर छिपाकर रखे गए थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दिल्ली में छापेमारी कर दो सिंगल शॉट पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए। इसके बाद स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, योगेश शर्मा 2015 में द्वारका इलाके में मदर डेयरी लूट और हत्या के बाद अपराध की दुनिया में उतरा था और तब से नंदू गैंग के लिए काम कर रहा था। वहीं सौरभ लाकड़ा ने 2021 में नजफगढ़ में एक युवक की हत्या कर गैंग में शामिल हुआ थी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपितों से गैंग के अन्य सदस्यों, हथियार सप्लाई नेटवर्क और विदेश में बैठे अपराधियों के कनेक्शन को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
