
धमतरी, 08 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के इंडोर स्टेडियम में आठ फरवरी को अंडर -15 राज्य स्तरीय कुश्ती चयन प्रतियोगिता आयोजित किया गया। जिसमें धमतरी सहित बिलासपुर, रायगढ़, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, भिलाई, दुर्ग, बालोद और रायपुर से 15 वर्ष आयु वर्ग के बालक और बालिका कुश्ती खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन कर प्रतियोगिता में दम दिखाया। यहां से चयनित खिलाड़ी 27 फरवरी से तीन मार्च तक सेलम तमिलनाडु में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

छत्तीसगढ़ कुश्ती संघ द्वारा रविवार को धमतरी के इंडोर स्टेडियम में अंडर – 15 बालक फ्री स्टाइल एवं ग्रीको रोमन एवं बालिका राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर वरिष्ठ कुश्ती खिलाड़ी लक्ष्मण साहू पहलवान, राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष जगन्नाथ सिंह यादव, खेलो इंडिया केंद्र के कुश्ती कोच विकास सिंह ठाकुर, कुश्ती एनआईएस कोच विजय यादव सहित अन्य शहरों से पहुंचे कुश्ती कोच उपस्थित थे। विधिवत पूजा अर्चना के बाद खेल शुरू किया गया। पहला मैच दुर्ग के उदय साहू और रायपुर के तुषार साहू के बीच खेला गया। जिसमें तुषार ने जीत दर्ज की। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सात बालिका खिलाड़ी, फ्री स्टाइल बालक के लिए 27 और ग्रीको रोमन बालक के लिए 10 सहित 44 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। इन खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में बालक वजन समूह फ्री स्टाइल 38, 41, 44, 48, 52, 57, 62, 68, 75 एवं 85 किलोग्राम, बालक वजन समूह ग्रीकोरोमन स्टाइल 38, 41, 44, 48, 52, 57, 62, 68, 75 एवं 85 किलोग्राम और महिला वजन समूह फ्री स्टाइल 33, 36, 39, 42, 46, 50, 54, 58, 62 एवं 66 किलोग्राम में प्रतियोगिता आयोजित की गई। यहां से चयनित 10 फ्री स्टाइल बालक, 10 ग्रीको रोमन बालक और 10 बालिका खिलाड़ी 27 फरवरी से तीन मार्च तक सेलम तमिलनाडु में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेकर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
