बस्ती, 08 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के परशुरामपुर थाने पर तैनात उपनिरीक्षक अजय कुमार गौड़ का शव रविवार की देर शाम पड़ोसी जनपद अयोध्या के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सरयू नदी के तिहूरा माझा घाट में बरामद हुआ। उक्त शव मिलने की सूचना बस्ती जनपद में पहुंचने पर पजेरो में कोहराम मच गया।

दरोगा का शव मिलने पर जनपद के उच्च अधिकारी अयोध्या जनपद के लिए रवाना हो गए। परशुरामपुर थाने पर तैनात उपनिरीक्षक अजय कुमार गौड़ विगत 5 फरवरी की शाम करीब 5 बजे थाने से कुछ काम के लिए कह कर निकले हुए थे। लेकिन कुछ ही देर बाद उनका सीयूजी मोबाइल नंबर एवं निजी नंबर स्विच ऑफ हो गया। उनकी बाइक अमहट घाट चौकी के निकट संदिग्ध अवस्था में पाई गई। फिलहाल उप निरीक्षक के गायब होने की सूचना पर जनपद में हड़कम्प मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार परशुरामपुर थाना प्रभारी विश्व मोहन राय अवकाश पर गए थे। इस वजह से अजय कुमार गौड़ को थाने का प्रभारी बनाया गया था। रविवार को बस्ती जनपद के कुआनो नदी के अमहट घाट पर पुलिस द्वारा गठित 8 टीमों के साथ एस डीआरएफ के टीम करीब 24 घंटे कुआनो नदी में तलाश किया लेकिन कुछ भी हासिल नहीं हुआ। रविवार को दरोगा अजय कुमार गौड़ के भाई एडीएम झांसी अरुण कुमार भी कुआनो नदी के घाट पर पहुंचे और एनडीआरएफ से अपने भाई के बारे में जानकारी प्राप्त किया। दरोगा की पत्नी रंजीता गौड़ शनिवार से ही जनपद के विभिन्न सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही थी और उच्च अधिकारियों से अपने पति को खोजने की गुहार लगा रही थी।
अजय कुमार गौड़ साल 2015 बैच के दरोगा थे और वह जनपद देवरिया के मूल निवासी थे। फिलहाल संदिग्ध परिस्थितियों में गायब दरोगा का शव अयोध्या में मिलने से पुलिस के जांच का दायरा बढ़ गया। लेकिन उनकी बाइक बस्ती जनपद के अमहट घाट पर मिली और शव अयोध्या जनपद के सरयू नदी में मिली। इस कड़ी को जोड़ना पुलिस के लिए काफी मशक्कत का काम है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी
