पुलिस तहरीर मिलने के बाद चोरी की घटना की जांच शुरू की

हमीरपुर, 08 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में लव जिहाद, गैंगरेप एवं धर्मांतरण के दबाव के मुख्य आरोपित के पैतृक आवास पर हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस ने तहरीर मिलने पर रविवार को जांच शुरू करते हुए आवास पर लगे सीसीटीवी की डीवीआर मांगी है। परिजन पुलिस को डीवीआर देने के लिए तैयार हो गए हैं।

सुमेरपुर कस्बे में हुए लव जिहाद, गैंगरेप एवं धर्मांतरण के दबाव के मुख्य आरोपित अबान उर्फ अफान खान के पैतृक आवास में गत 4/5 फरवरी को चोरों ने घुसकर घर पर रखी लाइसेंस दोनाली बंदूक के साथ 20 तोला सोना एवं 300 ग्राम से अधिक चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं। जानकारी होने पर आरोपित मौलाना खान की मां जेबुन्निसा ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को सात फरवरी को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। तहरीर मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर मांगी है। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने रविवार को बताया कि परिजन डीवीआर देने को तैयार हो गए। डीवीआर की जांच के बाद घटना की असलियत सामने आएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
