भोपाल, 08 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा तकनीक आधारित जनसेवा को सशक्त करते हुए नागरिकों के गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने गुम मोबाइल की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो दिन में तकनीकी निगरानी और फील्ड स्तर के संयुक्त प्रयासों से 301 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत 64 लाख 50 हजार रुपये है। सभी फोन विधिसम्मत जांच के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।

पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार को जानकारी दी गई कि टीकमगढ़ जिले में ऑपरेशन साइबर के अंतर्गत पुलिस ने 150 गुम मोबाइल बरामद किए है। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 32 लाख रुपये है। ये सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को कार्यालय बुलाकर वितरित किए गए।
इसी तरह डिण्डौरी जिले में साइबर टीम और थाना स्टाफ की संयुक्त कार्यवाही में 151 गुम मोबाइल बरामद किए इन मोबाइल की कीमत 32 लाख 50 हजार रूपये है। सभी मोबाइलों को आवश्यक जांच एवं सत्यापन के उपरांत उनके वास्तविक मालिकों के सुपुर्द किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
