
प्रयागराज, 08 फ़रवरी (हि.स.)। जीवन में न्यायमूर्ति जैसे किसी बड़े पद को प्राप्त करना उतना कठिन नहीं है जितना उस पद पर रह कर अपने चरित्र को बड़ा बनाये रखना। यह बात रविवार को सी.एम.पी.डिग्री कॉलेज के 76 वें संस्थापक दिवस समारोह के कार्यक्रम की श्रृंखला में पुरा छात्र समागम “मिलाप- 2026” समारोह के मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति प्रवीण कुमार गिरि ने कही। उन्होंने अपने चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास में महाविद्यालय और अपने गुरुओं के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।

विशिष्ट अतिथि डॉ एस पी सिंह ने अपने संबोधन में महाविद्यालय के शिक्षकों के उनके जीवन और सफलता में योगदान के लिए उन्हें स्मरण किया और उनके प्रति कृतज्ञता अर्पित की। अतिरिक्त नगर आयुक्त दीपेंद्र यादव ने अपने उद्बोधन में महाविद्यालय में अपने बीते दिनों को स्मरण करते हुए महाविद्यालय को विचारों की प्रयोगशाला कहा और अपने व्यक्तित्व के निर्माण में उसकी भूमिका को उद्घाटित किया। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय को भावी विकास के लिए शुभकामनाएं दी। इसी क्रम में, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शोध एवं विकास के अधिष्ठाता प्रो मनीष कुमार श्रीवास्तव ने महाविद्यालय की निरंतर प्रगति और अकादमिक गुणवत्ता के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए बधाई दी। इसी क्रम में सभी आगंतुक अतिथियों और पुरा छात्रों का स्वागत एवं सम्मान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो अजय प्रकाश खरे ने किया और उन्होंने इस पुरा छात्र समागम को महाविद्यालय के लिए अपनी स्मृतियों से मिलाप और उसे जीने का अवसर कहा। इस अवसर पर अध्यक्ष शासी निकाय के प्रतिनिधि के रूप में कायस्थ पाठशाला न्यास के सदस्य कौशलेंद्र नाथ सिंह भी उपस्थित रहे।
सी.एम.पी.डिग्री कॉलेज के 76 वें संस्थापक दिवस समारोह के कार्यक्रम की श्रृंखला में रविवार को पुरा छात्र समागम “मिलाप- 2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति प्रवीण कुमार गिरि थे और विशिष्ट अतिथियों में प्रयागराज के अतिरिक्त नगर आयुक्त दीपेन्द्र यादव, मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ एस पी सिंह और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शोध एवं विकास संकाय के अधिष्ठाता प्रो मनीष कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात सरस्वती वंदना और कुलगीत की प्रस्तुति महाविद्यालय के संगीत विभाग के द्वारा की गई।
कार्यक्रम के अध्यक्ष और शासी निकाय के अध्यक्ष चौधरी राधवेंद्र नाथ सिंह के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित कौशलेन्द्र नाथ सिंह ने सभी पूरा छात्रों का अभिवादन किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को धन्यवाद दिया।
पुरा छात्र कल्याण संघ के अध्यक्ष प्रो के के भूटानी ने अपनी जीवन यात्रा में महाविद्यालय द्वारा प्रदान की गयी शिक्षा के महत्व एवं उसके योगदान को नमन किया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपना बहुमूल्य योगदान दे रहे पूरा छात्रों विशेषकर आर पी भटनागर, इंद्र कांत मिश्रा, रघुनाथ द्विवेदी, प्रो आरिफ, डॉ लिली, राजीव सिंह, विद्या भूषण उपाध्याय, आदि ने अपनी स्मृतियों और संस्मरणों को साझा किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ रितु रघुवंशी ने और धन्यवाद ज्ञापन पूरा छात्र समिति के संयोजक प्रो आर बी एल श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम की व्यवस्था कार्यक्रम के सहसंयोजक डॉ विशाल श्रीवास्तव, डॉ रमेश कुमार भारती और उनके प्रमुख सहयोगियों डॉ हेमलता पंत, डॉ रश्मि गुप्ता, डॉ तन्या राय, डॉ तुषार श्रीवास्तव, डॉ सोनल खरे, डॉ रमाशंकर सिंह, आदि ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय के पुरा छात्र-छात्राओं सहित अधिकांश शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
