भुवनेश्वर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। भुवनेश्वर के शिशु भवन ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार कार का नियंत्रण बिगड़ने से वह ओवरब्रिज की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गई। नीचे स्थित झुग्गी बस्ती के मकानों के बेहद करीब गिरने के बावजूद किसी भी नागरिक के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज गति से जा रही कार ओवरब्रिज पर लगे बैरिकेड से टकराई, जिससे बैरिकेड टूट गया और वाहन नीचे जा गिरा। गिरते समय कार एक पेड़ से टकराई और फिर पास के एक मकान की छत पर जा गिरी। हादसे के वक्त झुग्गी बस्ती में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सभी सुरक्षित रहे।
इस दुर्घटना में कार चालक घायल हुआ है, जिसे गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए ओवरब्रिज और आसपास के इलाकों में यातायात बाधित रहा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
