पानीपत, 09 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने अवैध हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। युवकों की पहचान मुबसीर, शादीक व सौरभ के रूप में हुई है। रविवार को शाम को आठ मरला पुलिस चौकी के एएसआई राजबीर सिंह अपनी टीम के साथ गोहाना रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि तीन युवक बाइक पर सवार होकर महराणा गांव की तरफ से आ रहे हैं और उनके पास हथियार हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एनएफएल नाके पर नाकाबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए, बाइक को रुकवाकर पूछताछ में तीनो युवकों ने अपनी पहचान मुबसीर, शादीक व सौरभ के रूप में बताई, तलाशी लेने पर बाइक की सीट के नीचे से 32 बोर की एक देशी पिस्टल बरामद हुई। जब चालक से पिस्टल का लाइसेंस मांगा गया, तो वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की एएसआई राजबीर ने बताया कि तीनोंं आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
