फतेहाबाद, 09 फरवरी (हि.स.)। जिले के शहर टोहाना में ठप्प सीवरेज व्यवस्था व गंदे पेयजल सप्लाई से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को शहर के ऑटो मार्केट क्षेत्र के लोगों ने चंडीगढ़ रोड पर जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया और रोड जाम कर दिया। समस्या को लेकर लोगों में इतना आक्रोश था कि उन्होंने विभाग के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली और चेतावनी दी कि अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वह जाम को नहीं खोलेंगे। करीब एक घंटे तक रोड जाम रहने से यातायात पूरी तरह अवरूद्ध हो गया। जाम की सूचना मिलते ही जनस्वास्थ्य विभाग के जेई दीपक कुमार कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इससे पूर्व प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि इस क्षेत्र में पिछले कई दिनों से सीवरेज व्यवस्था ठप्प पड़ी है और सीवरेज का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सडक़ों पर बह रहा है। सीवरेज का पानी दुकानों के बाहर जमा होने से उनका कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। गंदे पानी के कारण उठ रही दुर्गंध से जहां उनका अपने घरों व दुकानों में बैठना मुश्किल हो गया है, वहीं गंदा पानी जमा रहने से बीमारियां फैलने का भी खतरा है। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में दूषित पेयजल समस्या से भी लोग जूझ रहे हैं। घरों में पीने के पानी में भी गंदा पानी मिलकर आ रहा है। इस समस्या को लेकर कई बार विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया गया है लेकिन विभाग उनकी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा। जनप्रतिनिधि भी कोई सुध नहीं ले रहे हैं। ऐसे में आज उन्हें रोड जाम कर अपनी आवाज अधिकारियों तक पहुंचानी पड़ी है। मौके पर पहुंचे जनस्वास्थ्य विभाग के जेई दीपक ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान करवाया जाएगा। अधिकारी के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला, साथ ही चेतावनी दी कि अगर अब भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह दोबारा रोड जाम कर देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
