भागलपुर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। ट्रंप सरकार द्वारा 25 प्रतिशत टैरिफ हटाने के फैसले पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड डील को लेकर टेक्सटाइल और आर्टिजन उत्पादों के निर्यात की संभावनाएँ बढ़ गई हैं।

बिहार के भागलपुर में बुनकर से एक्सपोर्टर बने जियाउर्रहमान ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह भारत सरकार, खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल का सकारात्मक परिणाम है।

जियाउर्रहमान के अनुसार अमेरिकी बाजार में भागलपुरी टेक्सटाइल की खास पहचान है और वहां के ग्राहकों को बारीक कारीगरी और हुनर चाहिए जो भागलपुर के कारीगरों के हाथों से तैयार होता है। उनका दावा है कि ऐसी गुणवत्ता और पारंपरिक कला दुनिया के किसी अन्य हिस्से में संभव नहीं है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि टैरिफ हटने और ट्रेड डील के प्रभाव से भागलपुर के सिल्क उद्योग को नई मजबूती मिलेगी, जिससे स्थानीय बुनकरों, कारीगरों और निर्यात कारोबार से जुड़े लोगों की आय में वृद्धि होगी। क्षेत्रीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
