नई दिल्ली, 09 फरवरी (हि.स.)। डबल ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को एशियन शूटिंग चैम्पियनशिप में 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक बेहद करीबी मुकाबले में गंवाना पड़ा।

फाइनल में मनु और वियतनाम की गुयेन थुई ट्रांग ने 35-35 हिट्स के साथ बराबरी की, जिसके बाद शूट-ऑफ कराया गया। शूट-ऑफ में थुई ट्रांग ने एक अतिरिक्त हिट लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

यह मुकाबला नई दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में खेला गया। भारत की ईशा सिंह ने 30 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता, जबकि आठ निशानेबाजों के फाइनल में शामिल रिदम सांगवान 27 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
हालांकि, व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण से चूकने के बावजूद भारत को टीम स्पर्धा में बड़ी सफलता मिली। मनु भाकर, ईशा सिंह और रिदम सांगवान की तिकड़ी ने कुल 1751 अंकों के साथ टीम स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे
